enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, पीडब्ल्यूडी के तीन अधिकारी 3 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, पीडब्ल्यूडी के तीन अधिकारी 3 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

इंदौर(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के तीन अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया है।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई शासकीय ठेकेदार राजपाल सिंह पंवार की शिकायत पर की गई। ठेकेदार की फर्म पटेल इंटरप्राइजेज द्वारा सड़क निर्माण के कार्य किए गए थे, जिनके बिलों का भुगतान लंबित था। आरोप है कि बिल पास करने के एवज में कार्यपालन यंत्री जयदेव गौतम ने 15 प्रतिशत, एसडीओ टी.के. जैन ने 2 प्रतिशत और उपयंत्री अंशु दुबे ने 2 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी। इस तरह कुल मिलाकर बिल राशि का 19 प्रतिशत रिश्वत के रूप में मांगा जा रहा था।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने गोपनीय सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 21 अप्रैल 2026 को एक विशेष ट्रैप दल गठित किया गया। योजना के अनुसार ठेकेदार राजपाल सिंह पंवार तीन लाख रुपये की पहली किश्त लेकर पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचा। जैसे ही उसने आरोपियों को राशि सौंपी, पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त टीम ने तीनों अधिकारियों को मौके पर ही पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के हाथ धुलवाए गए, जो गुलाबी हो गए। यह इस बात का प्रमाण है कि उन्होंने रिश्वत की रकम को छुआ था। टीम ने आरोपियों के पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है।

गिरफ्तार अधिकारियों में कार्यपालन यंत्री जयदेव गौतम, एसडीओ टी.के. जैन और उपयंत्री अंशु दुबे शामिल हैं। तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पीडब्ल्यूडी कार्यालय में दस्तावेजों की जांच और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं जारी हैं।

सूत्रों के अनुसार विभाग में लंबे समय से ठेकेदारों से कमीशन लेने की शिकायतें मिल रही थीं। इस कार्रवाई को लोकायुक्त की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share:

Leave a Comment