भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में इस बार गर्मी का असर दिन के साथ-साथ रात में भी देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पहली बार प्रदेश में वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार की रात राजधानी भोपाल समेत 9 शहरों में रात के समय भी तेज गर्मी बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में वॉर्म नाइट की स्थिति रहेगी। इससे पहले रविवार और सोमवार की रात भोपाल, छिंदवाड़ा, मंडला और नर्मदापुरम में भी गरम रात दर्ज की गई थी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक हो और दिन का तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर रहे, तो ऐसी स्थिति को वॉर्म नाइट कहा जाता है। यदि यह अंतर 6.4 डिग्री से अधिक हो जाए तो इसे सीवियर वॉर्म नाइट माना जाता है। फिलहाल प्रदेश में ऐसी स्थिति नहीं बनी है। प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान लगातार 42 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। डिंडौरी जिले में लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत अधिकांश शहरों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। सोमवार को छतरपुर जिले के खजुराहो में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दतिया में 42.3 डिग्री, रतलाम और सीधी में 42.2 डिग्री, रीवा और श्योपुर में 42 डिग्री, रायसेन में 41.6 डिग्री, नौगांव में 41.5 डिग्री और नरसिंहपुर में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 42.5 डिग्री, भोपाल में 39.8 डिग्री, इंदौर और उज्जैन में 39.5 डिग्री तथा जबलपुर में 38.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।