भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में धार्मिक और पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का विस्तार करते हुए नया सेक्टर शुरू किया जा रहा है। रविवार से भोपाल से चंदेरी और ओरछा के लिए हेलिकॉप्टर सेवा प्रारंभ होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल स्थित स्टेट हैंगर से इस सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। इस सेवा के शुरू होने के बाद आम नागरिक भी आसानी से इन प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक कम समय में पहुंच सकेंगे। भोपाल से ओरछा जाने के लिए 6500 रुपए तथा चंदेरी के लिए 5500 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री यात्रियों को बोर्डिंग पास भी प्रदान करेंगे। यह सेवा पीपीपी मॉडल पर संचालित की जा रही है, जिसमें पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रा के लिए 6 सीटों वाले आधुनिक हेलिकॉप्टर का उपयोग किया जाएगा। गंतव्य स्थलों पर होटल, भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए गाइड की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। बुकिंग के लिए पर्यटक ऑनलाइन पोर्टल और आईआरसीटीसी के माध्यम से टिकट ले सकते हैं। यह हेलिकॉप्टर सेवा सप्ताह में पांच दिन बुधवार से रविवार तक संचालित होगी। इसके अलावा 14 हजार 500 रुपए के विशेष पैकेज में टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। चंदेरी और ओरछा में पर्यटकों के लिए 3500 रुपए में जॉय राइड की सुविधा भी रहेगी। इस नई सेवा से भगवान श्रीराम की नगरी ओरछा में श्रद्धालुओं को दर्शन में सुविधा मिलेगी, वहीं चंदेरी की ऐतिहासिक विरासत और प्रसिद्ध चंदेरी साड़ियों को देखने का अवसर भी मिलेगा। उल्लेखनीय है कि पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा की शुरुआत 1 नवंबर 2025 को की गई थी, जो वर्तमान में इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर सहित अन्य धार्मिक और वन्य पर्यटन स्थलों के बीच संचालित हो रही है। अब तक हजारों पर्यटक इस सेवा का लाभ उठा चुके हैं।