छिंदवाड़ा(ईन्यूज एमपी)- पेंच नेशनल पार्क के कुंभपानी बफर जोन स्थित जमतरा गेट पर सोमवार रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब टाइगर के हमले में एक युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। शव की हालत देख दहशत ग्राम नाहरझिर निवासी दिनेश (पिता पुसू सेवतकर) पर टाइगर ने हमला कर दिया। हमले की भयावहता का अंदाजा शव की स्थिति से लगाया जा सकता है। टाइगर ने युवक के शरीर को बुरी तरह नोच डाला। कंधे का हिस्सा खाया हुआ था, एक हाथ अलग मिला और गर्दन भी धड़ से अलग पाई गई। शव तीन हिस्सों में बंटा मिला, जिससे मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। 15 दिनों से बना था खौफ ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब 15 दिनों से इलाके में टाइगर की लगातार मौजूदगी देखी जा रही थी। इस दौरान कई मवेशियों का शिकार भी हुआ, लेकिन सूचना देने के बावजूद वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसे लेकर ग्रामीणों में पहले से ही आक्रोश था। टीम पहुंची तो भड़का गुस्सा घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और जमतरा गेट पर हंगामा शुरू हो गया। अधिकारियों ने संभाला मोर्चा स्थिति बिगड़ने पर एसडीएम प्रभा सिंह, एसडीओ फॉरेस्ट अतुल पाटी, तहसीलदार एवं थाना निरीक्षक राकेश सिंह बघेल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मांग ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए टाइगर के मूवमेंट को नियंत्रित करने और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल मौके पर पुलिस और वन विभाग की टीम तैनात है और स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास जारी है।