enewsmp.com
Home स्वास्थ्य मेडिकल कॉलेज रीवा में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग का लोकार्पण

मेडिकल कॉलेज रीवा में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग का लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री बोले- शासकीय संस्थानों में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

भोपाल/रीवा(ईन्यूज एमपी)- उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा में नवस्थापित गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में अत्याधुनिक उपकरणों का भोपाल स्थित निवास कार्यालय से वर्चुअल लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को शासकीय संस्थानों में बेहतर और उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

उप मुख्यमंत्री ने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) सिंगरौली का आभार व्यक्त किया, जिसने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत इन आधुनिक उपकरणों की स्थापना में सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिलेगा, साथ ही चिकित्सा विद्यार्थियों को उन्नत प्रशिक्षण का अवसर भी प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित हों, जिससे मरीजों को बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।

नवस्थापित गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में 20 बेड की व्यवस्था की गई है, जिसमें 16 सामान्य और 4 आईसीयू बेड शामिल हैं। विभाग में एडवांस्ड गैस्ट्रोएंटरोलॉजी स्किल लैब स्थापित की गई है, जो इंटरवेंशनल एंडोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीकों से लैस है।

इन उपकरणों की सहायता से लिवर रोग, पित्त नली की पथरी, कैंसरजनित पीलिया, पैंक्रियाटाइटिस, आंतों के रोग और अल्सरेटिव कोलाइटिस जैसी जटिल बीमारियों का सटीक व प्रभावी उपचार अब रीवा में ही संभव होगा।

इंटरवेंशनल एंडोस्कोपी तकनीक के जरिए बिना बड़े ऑपरेशन के जटिल प्रक्रियाएं की जा सकेंगी, जिससे मरीजों को कम दर्द, कम खर्च और शीघ्र रिकवरी का लाभ मिलेगा। विभाग में 6 अप्रैल से अब तक 18 सफल प्रक्रियाएं की जा चुकी हैं।

इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्रा, डीन डॉ सुनील अग्रवाल, विभागाध्यक्ष डॉ एम एच उस्मानी सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment