भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश के ऊपरी हिस्से में एक साथ तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। इसके असर से कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया है और मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दतिया, निवाड़ी, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर सहित 18 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सीधी और आसपास के क्षेत्रों में आज बुधवार सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को भी ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग के कई जिलों में मौसम बिगड़ा रहा। भिंड, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, गुना, अशोकनगर, टीकमगढ़, सतना और रीवा में कहीं तेज आंधी चली तो कहीं बारिश हुई। शिवपुरी, दतिया, धार, पीथमपुर और झाबुआ में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि रतलाम में धूल भरी हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। मौसम का असर विशेष रूप से दोपहर बाद देखने को मिलेगा। इसके अलावा 11 अप्रैल को उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।