सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए जेसीबी सहित चार वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में खनिज विभाग द्वारा की गई। जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में 6 अप्रैल 2026 को गोपदबनास, मझौली और मड़वास क्षेत्रों में दिन और रात सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान ग्राम पड़रिया (तहसील बहरी) में शिकायत सही पाए जाने पर एक बिना नंबर की जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मुरूम के अवैध उत्खनन व परिवहन में संलिप्त मिले। आवश्यक दस्तावेज न होने पर दोनों वाहनों को जब्त कर यातायात थाना सीधी में जमा कराया गया। वहीं रात्रि में ग्राम निधिपुरी (तहसील मड़वास) स्थित गोपद नदी घाट से अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर और एक 407 वाहन को रोका गया। कार्रवाई के दौरान चालक मौके से रेत खाली कर फरार हो गए। तीनों वाहनों को लावारिस हालत में जब्त कर थाना मड़वास में सुरक्षित रखा गया है। संबंधित वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ म.प्र. खनिज नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। बिना नंबर वाहनों के उपयोग को लेकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी सख्ती जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि खनिजों का उपयोग वैधानिक तरीके से ही करें। उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में अवैध खनन के 200 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे करीब 1.13 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला गया है। वहीं कुल 37.22 करोड़ रुपए का खनिज राजस्व शासन को प्राप्त हुआ है, जो पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है।