भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। प्रदेश में वित्तीय प्रबंधन को मजबूत करने के लिए फाइनेंशियल ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (FTRI) खोलने को मंजूरी दी गई है। इसका संचालन प्रारंभ में प्रशासन अकादमी से किया जाएगा। कैबिनेट ने अनुसूचित जाति वर्ग के छात्रों के लिए स्कॉलरशिप बढ़ाकर 10 हजार रुपए प्रतिमाह करने का निर्णय लिया है। पहले यह राशि 2 हजार रुपए थी। यह लाभ ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट छात्रों को मिलेगा। मंदसौर जिले में गांधी सागर बांध से जुड़ी कातन सिंचाई परियोजना को भी मंजूरी दी गई है। 88.41 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस योजना से 3500 हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित होगा और 120 गांवों के 1358 परिवारों को लाभ मिलेगा। सरकार ने चना और मसूर की खरीदी को भी स्वीकृति दी है। चना 5000 रुपए और मसूर 5800 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। चने का 25 प्रतिशत और मसूर का 100 प्रतिशत खरीदा जाएगा। इसके लिए 3174 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। गेहूं खरीदी 9 अप्रैल से शुरू होगी। उज्जैन में एयरपोर्ट निर्माण के लिए 590 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। यह राशि भूमि अधिग्रहण पर खर्च होगी। एयरपोर्ट का निर्माण केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत किया जाएगा। वहीं, वाणिज्यिक कर विभाग की 8 योजनाओं के लिए 2952 करोड़, वन विभाग के लिए 5215 करोड़ और स्कूल शिक्षा विभाग के लिए 4672 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 8 से 14 अप्रैल तक प्रदेशभर में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका राज्य स्तरीय आयोजन भिंड में होगा।