सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत शिकारगंज स्थित एक आंगनवाड़ी केंद्र के पास मंगलवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे की है। उस समय आंगनवाड़ी केंद्र में सात बच्चे और कार्यकर्ता उर्मिला द्विवेदी मौजूद थीं। आग लगते ही उन्होंने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उनके घर पहुंचाया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और भवन के आसपास तेजी से फैलने लगी। लपटें जंगल की ओर बढ़ने लगीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घटना की जानकारी सबसे पहले जनपद पंचायत सीईओ राजीव तिवारी को मिली, जिन्होंने तत्काल प्रशासन को अवगत कराया। करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। डायल 112 और 108 की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटीं। थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही सभी आवश्यक सेवाएं मौके पर भेज दी गई थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, आग पर काबू पाने में काफी समय लगा और ग्रामीणों व दमकल टीम को लंबे समय तक मशक्कत करनी पड़ी।