enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में आज भाजपा जिला कार्यालय का भूमिपूजन, प्रदेशभर में 17 जिलों में एक साथ आयोजन

सीधी में आज भाजपा जिला कार्यालय का भूमिपूजन, प्रदेशभर में 17 जिलों में एक साथ आयोजन

सीधी(ईन्यूज एमपी)- भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर आज 6 अप्रैल को सीधी में भाजपा जिला कार्यालय के भूमिपूजन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह हॉस्पिटल चौक स्थित न्यू भारत होटल के पास यह कार्यक्रम जिला अध्यक्ष देवकुमार सिंह चौहान के नेतृत्व में संपन्न होगा। कार्यक्रम को लेकर जिलेभर के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे के अनुसार, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे। कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित होगा। इस दौरान संभाग संगठन प्रभारी विजय दुबे, लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी, सीधी विधायक रीती पाठक, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू राम सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

जिला अध्यक्ष देवकुमार सिंह चौहान ने बताया कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिलेभर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सक्रिय सदस्य भाग लेंगे।

इधर, प्रदेश स्तर पर भाजपा अपने 47वें स्थापना दिवस पर 17 जिलों में एक साथ नए जिला कार्यालयों के निर्माण के लिए भूमिपूजन कर रही है। इनमें आगर, सीहोर, सीधी, अशोकनगर, अनूपपुर, ग्वालियर, निवाड़ी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मऊगंज, नीमच, मैहर, भिंड, धार (ग्रामीण), बुरहानपुर, मंदसौर और रतलाम शामिल हैं।

इन जिला कार्यालयों का निर्माण लगभग डेढ़ से ढाई करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। भवन ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर तैयार होंगे, जिनमें सोलर लाइट, वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और नेचुरल वेंटिलेशन जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। इन्हें एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

भोपाल स्थित दीनदयाल परिसर से मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सुबह 11:30 बजे वर्चुअली सभी जिलों के कार्यक्रमों से जुड़ेंगे।

भाजपा बड़े जिलों में नगर और ग्रामीण स्तर पर अलग-अलग जिला कार्यालय बनाने की योजना पर भी काम कर रही है। इसकी शुरुआत धार ग्रामीण से होगी, जिसके बाद अन्य जिलों में भी यह मॉडल लागू किया जाएगा।

भाजपा का यह कदम संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share:

Leave a Comment