enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी में 126 अस्पताल आयुष्मान योजना से बाहर, मान्यता खत्म

एमपी में 126 अस्पताल आयुष्मान योजना से बाहर, मान्यता खत्म

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 126 अस्पतालों की मान्यता समाप्त कर दी गई है। यह कार्रवाई भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर के उन अस्पतालों पर की गई है, जिन्होंने निर्धारित समय में NABH सर्टिफिकेट की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई।

आयुष्मान कार्यालय ने पहले इन अस्पतालों को नोटिस जारी कर जवाब देने का अवसर दिया था, लेकिन संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर यह कदम उठाया गया। अब इन अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा नहीं मिलेगी।

चार प्रमुख शहरों में कुल 398 अस्पताल योजना से जुड़े थे, जिनमें से 126 अस्पताल प्रभावित हुए हैं। इनमें भोपाल के 51, इंदौर के 30, ग्वालियर के 33 और जबलपुर के 12 अस्पताल शामिल हैं।

आयुष्मान भारत मध्यप्रदेश के सीईओ डॉ. योगेश भरसट ने कहा कि यह कार्रवाई अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता सुधारने के लिए की गई है। नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि मरीजों को सुरक्षित और बेहतर इलाज मिल सके।

NABH सर्टिफिकेट अस्पतालों की गुणवत्ता का प्रमुख मानक है, जिसमें सैकड़ों बिंदुओं पर जांच की जाती है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन अस्पतालों के पास यह प्रमाणपत्र नहीं होगा, उन्हें योजना में शामिल नहीं किया जाएगा।

वहीं, जिन अस्पतालों के पास पूर्ण NABH सर्टिफिकेट है, उन्हें सीधे योजना में शामिल होने का लाभ मिलेगा। इसके अलावा गुणवत्ता के आधार पर भुगतान की व्यवस्था भी लागू की गई है, जिससे बेहतर सेवाएं देने वाले अस्पतालों को प्रोत्साहन मिलेगा।

अब मरीजों के फीडबैक के आधार पर भी अस्पतालों की निगरानी की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और लापरवाही करने वाले अस्पतालों पर कार्रवाई आसान होगी।

Share:

Leave a Comment