कुसमी(ईन्यूज एमपी)- जिले के मझौली ब्लॉक में उचित मूल्य दुकानों के संचालन में लापरवाही पाए जाने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिला कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा निरीक्षण के दौरान मिली शिकायतों के बाद खाद्य विभाग को जांच के निर्देश दिए गए थे। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मझौली द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में नारों और देवरी उचित मूल्य दुकानों के विक्रेताओं को वितरण प्रणाली में लापरवाही बरतते हुए प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर सीईओ सहकारिता द्वारा दोनों विक्रेताओं को हटाने की कार्रवाई की गई। नारों दुकान के विक्रेता वीर बहादुर सिंह को खाद्यान्न वितरण प्रणाली से हटाकर गिजवार दुकान के विक्रेता अमृत लाल गौतम को नारों दुकान का प्रभार आगामी आदेश तक सौंपा गया है। इसी प्रकार देवरी दुकान के विक्रेता सुरेश प्रसाद शुक्ला को भी हटाते हुए ठोगा दुकान के विक्रेता धर्मेंद्र तिवारी को देवरी दुकान की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई प्रारंभिक जांच के आधार पर की गई है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और जांच के निष्कर्ष के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीईओ सहकारिता गणेश चंद्रवंशी ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।