enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी में मौसम का डबल अटैक: चक्रवात और टर्फ से बना स्ट्रॉन्ग सिस्टम, 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

एमपी में मौसम का डबल अटैक: चक्रवात और टर्फ से बना स्ट्रॉन्ग सिस्टम, 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और टर्फ के चलते बना स्ट्रॉन्ग सिस्टम पूरे प्रदेश को घेरे हुए है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भोपाल और ग्वालियर समेत 45 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के बीचोंबीच एक टर्फ लाइन गुजर रही है, जबकि दूसरी ऊपरी हिस्से में सक्रिय है। इसके साथ ही पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में दो चक्रवाती सिस्टम एक्टिव हैं, जिससे मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है।

कई जिलों में बारिश और आंधी का असर

शनिवार सुबह सतना में तेज हवा के साथ बारिश हुई। मैहर में भी पानी गिरा, जबकि नर्मदापुरम में बूंदाबांदी और सिवनी में रिमझिम बारिश दर्ज की गई। इससे पहले शुक्रवार रात सिवनी जिले के बरघाट क्षेत्र में बिजली गिरने से एक मासूम सहित दो लोगों की मौत हो गई। वहीं रायसेन में तेज आंधी-बारिश के चलते गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है।

इन जिलों में अलर्ट

आज जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, दमोह और कटनी में ओले और बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में भी आंधी और बारिश का दौर बना रह सकता है।

7 अप्रैल से नया सिस्टम सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार 7 अप्रैल से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे 10 अप्रैल तक प्रदेश में कहीं आंधी तो कहीं बारिश देखने को मिल सकती है।

इसके बाद बढ़ेगी भीषण गर्मी

इस सिस्टम के गुजरने के बाद गर्मी का असर तेज हो जाएगा। अप्रैल के दूसरे सप्ताह से तापमान तेजी से बढ़ेगा और महीने के अंत तक ग्वालियर, धार, खरगोन, बड़वानी और खजुराहो जैसे क्षेत्रों में पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

अप्रैल-मई में सबसे ज्यादा गर्मी

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अप्रैल और मई साल के सबसे गर्म महीने होते हैं। इस बार मार्च के दूसरे पखवाड़े में ही तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में भीषण गर्मी पड़ सकती है।

Share:

Leave a Comment