enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में तेज रफ्तार का कहर, 70 वर्षीय महिला की मौत

सीधी में तेज रफ्तार का कहर, 70 वर्षीय महिला की मौत

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ओबरहा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला को गांव के ही एक नाबालिग युवक ने तेज रफ्तार बाइक से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार, मृतका शकुंतला रावत पत्नी सुखलाल रावत सुबह करीब 8 बजे अपने घर से गेहूं पिसाने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान गांव का एक नाबालिग तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए आया और अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में महिला सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल सीधी रेफर किया गया।

सीधी से रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल ले जाते समय जमोड़ी थाना क्षेत्र के पास महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी बम्हनी ने मामले को संज्ञान में लिया। चौकी प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment