enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश धौहनी विधायक कुंअर सिंह टेकाम को बनाया गया बीजेपी का प्रदेश प्रवक्ता, सूची जारी

धौहनी विधायक कुंअर सिंह टेकाम को बनाया गया बीजेपी का प्रदेश प्रवक्ता, सूची जारी

भोपाल (ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश भाजपा ने संगठन विस्तार करते हुए प्रदेश स्तर पर बड़ी नियुक्तियां की हैं। जारी सूची में धौहनी विधायक कुंअर सिंह टेकाम को प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है। टेकाम को मिली इस अहम जिम्मेदारी से विंध्य क्षेत्र, खासकर सीधी जिले में खुशी का माहौल है।

पार्टी द्वारा जारी सूची में विंध्य क्षेत्र से दो नामों को प्रमुख स्थान मिला है। इनमें धौहनी विधायक कुंअर सिंह टेकाम के साथ अनूपपुर के पूर्व विधायक रामलाल रौतेल को भी संगठन में शामिल किया गया है। इससे विंध्य क्षेत्र की भागीदारी और मजबूत होने के संकेत मिल रहे हैं।

कुंअर सिंह टेकाम का राजनीतिक अनुभव काफी लंबा रहा है। वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार में अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके साथ ही वे धौहनी विधानसभा सीट से लगातार चौथी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं, जिससे उनकी क्षेत्र में मजबूत पकड़ साफ झलकती है।

प्रदेश भाजपा द्वारा किए गए इस संगठन विस्तार में कुल 33 प्रदेश प्रवक्ताओं, 9 सह-मीडिया प्रभारियों और 47 मीडिया पैनलिस्टों की घोषणा की गई है। इस प्रकार कुल 89 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह घोषणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मंजूरी के बाद प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल द्वारा की गई।

घोषित सूची में 10 विधायकों को प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है, जिनमें पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस और उषा ठाकुर के अलावा गौरव सिंह पारधी, नीरज सिंह ठाकुर, संदीप जायसवाल, संतोष बरकड़े, दिलीप सिंह परिहार, योगेश पंडाग्रे और छाया मोरे जैसे नाम शामिल हैं।

संगठन विस्तार में कई पूर्व विधायकों को भी जगह दी गई है। इनमें कल सिंह भाबर, यशपाल सिंह सिसोदिया, घनश्याम पीरोनिया, रामलाल रौतेल और राजेंद्र भारती प्रमुख हैं। साथ ही जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह के भाई और टिमरनी के पूर्व विधायक संजय शाह को भी प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है।

भाजपा का यह कदम आगामी राजनीतिक रणनीति और मीडिया प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। वहीं, टेकाम की नियुक्ति से सीधी सहित पूरे विंध्य क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल देखा जा रहा है।

Share:

Leave a Comment