सीधी (ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार “स्कूल चले हम” अभियान के अंतर्गत जिले में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साह एवं उल्लास के साथ प्रारंभ हुआ। जिले के विभिन्न विकासखण्डों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जहां नवप्रवेशी बच्चों का आत्मीय स्वागत किया गया। सीधी विकासखण्ड अंतर्गत सान्दीपनी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधायक रीती पाठक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमिलिया में विधायक विश्वामित्र पाठक, कुसमी के जूरी एवं मझौली के डांगा में विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। रामपुर नैकिन क्षेत्रों में भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हल्दी-चावल से तिलक लगाकर स्वागत किया गया, जिससे विद्यालयों में एक पारंपरिक एवं आत्मीय वातावरण का निर्माण हुआ। बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, साइकिल एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाया गया। इस अवसर पर 85 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया, जिससे अभिभावकों की सहभागिता को भी प्रोत्साहन मिला। विद्यालयों में विशेष भोज का आयोजन कर विद्यार्थियों को उत्सव का आनंद प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएं और उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करें। 2 अप्रैल को पालकों की सहभागिता से सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं 4 अप्रैल को “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे “स्कूल चले हम” अभियान में सहभागी बनकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करें।