सीधी (ईन्यूज एमपी)-सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने संसद भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर चर्चा की। सांसद ने सीधी–सिंगरौली सड़क का शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग रखी। इसके साथ ही बरगवां से कटनी (सरई, मड़वास, ब्यौहारी, विजयसोता मार्ग) को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में उन्नयन कर फोरलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी मंत्री के समक्ष रखा। मुलाकात के दौरान नितिन गडकरी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से सीधी–सिंगरौली क्षेत्र में यातायात सुविधा बेहतर होगी और औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।