भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने न्यूनतम मजदूरी दरों में बढ़ोतरी करते हुए नई दरें 1 अप्रैल से लागू कर दी हैं। इससे प्रदेश के लाखों मजदूरों की आय में बढ़ोतरी होगी और उन्हें महंगाई से कुछ राहत मिलेगी। श्रम विभाग द्वारा जारी संशोधित दरों के अनुसार अकुशल, अर्द्धकुशल, कुशल एवं उच्च कुशल श्रमिकों की मजदूरी में वृद्धि की गई है। यह बढ़ोतरी महंगाई भत्ते (वीडीए) को ध्यान में रखते हुए की गई है, जिससे श्रमिकों की वास्तविक आय में सुधार होगा। नई दरों के तहत अकुशल श्रमिकों की मासिक मजदूरी 12 हजार रुपए से अधिक, अर्द्धकुशल श्रमिकों की करीब 13 हजार रुपए, कुशल श्रमिकों की लगभग 14 हजार रुपए तथा उच्च कुशल श्रमिकों की मजदूरी 16 हजार रुपए से अधिक निर्धारित की गई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी नियोक्ताओं के लिए इन दरों का पालन अनिवार्य होगा। निर्धारित मजदूरी से कम भुगतान करने पर संबंधित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार यह संशोधन महंगाई सूचकांक के आधार पर किया गया है, जिससे श्रमिकों की क्रय शक्ति बढ़ेगी और बाजार में मांग को भी बल मिलेगा। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है। सरकार के इस निर्णय को श्रमिक हित में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आने की संभावना है।