सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ ही ‘स्कूल चले हम’ अभियान के तहत 1 अप्रैल से 4 अप्रैल तक प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केन्द्र सीधी ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में यह अभियान संचालित होगा। 1 अप्रैल को विभिन्न विकासखंडों के चयनित विद्यालयों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सीधी विकासखंड के सान्दीपनी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधायक रीती पाठक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, सिहावल के अमिलिया विद्यालय में विधायक विश्वामित्र पाठक, कुसमी के जूरी एवं मझौली के डॉगा विद्यालय में विधायक कुंवर सिंह टेकाम तथा रामपुर नैकिन में नगर पंचायत अध्यक्ष रामकुमार साहू की उपस्थिति में प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान नवप्रवेशित बच्चों का हल्दी-चावल से टीका लगाकर स्वागत किया जाएगा और उन्हें पाठ्यपुस्तकें, साइकिल आदि का वितरण किया जाएगा। साथ ही 85 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा तथा विद्यालयों में विशेष भोज का आयोजन भी होगा। 2 अप्रैल को पालकों की सहभागिता से सांस्कृतिक और खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान अभिभावकों को शासकीय योजनाओं एवं विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कक्षोन्नति प्राप्त न कर सके विद्यार्थियों को पुनः प्रवेश के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा उन्हें ओपन एजुकेशन और आईटीआई जैसे वैकल्पिक अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी। शाला प्रबंधन समिति एवं शाला विकास समिति की बैठकें आयोजित कर शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी। 4 अप्रैल को ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, खिलाड़ी, कलाकार, साहित्यकार, मीडिया कर्मी एवं अधिकारी विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। वे अपने अनुभव साझा करेंगे और शाला उपयोगी सामग्री भी भेंट कर सकेंगे। इस अवसर पर जिला कलेक्टर द्वारा अधिकारियों को विद्यालयों में एक पीरियड अध्यापन के लिए भी नामांकित किया गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों, अभिभावकों एवं सभी संबंधितों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करें।