enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सोन नदी के तारिहा घाट पर पुलिस की दबिश, अवैध रेत उत्खनन पर कड़ा प्रहार

सोन नदी के तारिहा घाट पर पुलिस की दबिश, अवैध रेत उत्खनन पर कड़ा प्रहार

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सेमरिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोन नदी के तारिहा घाट (हनुमानगढ़) पर दबिश देकर अवैध उत्खनन की कोशिश को नाकाम कर दिया और एक टाटा 407 वाहन जब्त किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट श्री रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी सेमरिया उपनिरीक्षक केदार परौहा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मड़वा निवासी राजकुमार सिंह उर्फ भयंकर सिंह अपने टाटा 407 वाहन (क्रमांक MP17 G 2159) में सोन नदी से अवैध रेत का उत्खनन कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भोर में घाट पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया और वाहन को नदी में ही छोड़कर भाग निकला। जांच के दौरान वाहन में आधी ट्रॉली अवैध रेत लोड पाई गई।

पुलिस ने सुबह लगभग 5 बजे वाहन और रेत को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 317(5), खान एवं खनिज अधिनियम, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम तथा भारतीय वन अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक केदार परौहा, सउनि तुलसी दास रावत, प्रधान आरक्षक पंकज विश्वकर्मा, आरक्षक मनीष शुक्ला, विनीत सिंह, अमित तिवारी और रवि सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज माफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध उत्खनन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment