सीधी(ईन्यूज एमपी)-नवरात्रि के पावन अवसर पर जिले के कुसमी थाना परिसर में थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी के नेतृत्व में कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धार्मिक आस्था और परंपरा के अनुसार कन्याओं का पूजन कर उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने कन्याओं के चरण धोकर उनका आशीर्वाद लिया और उन्हें प्रसाद, उपहार, चुनरी एवं दक्षिणा भेंट की। पूरे आयोजन में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने कहा कि नवरात्रि का पर्व नारी शक्ति के सम्मान और पूजन का प्रतीक है। इस तरह के आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और आपसी भाईचारा व सामाजिक सौहार्द मजबूत होता है। इस अवसर पर थाना स्टाफ सहित क्षेत्र के अन्य लोग भी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर कन्याओं का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में नारी के प्रति सम्मान और आदर की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।