enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश ढाई करोड़ के घोटाले में पूर्व तहसीलदार गिरफ्तार

ढाई करोड़ के घोटाले में पूर्व तहसीलदार गिरफ्तार

श्योपुर(ईन्यूज एमपी)- श्योपुर जिले में वर्ष 2021 की भीषण बाढ़ के दौरान राहत राशि में हुए बड़े घोटाले में आखिरकार पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बड़ौदा तहसील में करीब ढाई करोड़ रुपये के बाढ़ राहत घोटाले की आरोपी तत्कालीन तहसीलदार अमिता सिंह तोमर को गुरुवार को ग्वालियर से पकड़ा गया।

यह मामला बाढ़ पीड़ितों के नाम पर किए गए बड़े फर्जीवाड़े से जुड़ा है, जिसमें ऑडिट जांच के दौरान खुलासा हुआ था कि अपात्र और काल्पनिक नामों पर मुआवजा राशि निकाल ली गई, जबकि असली पीड़ित राहत से वंचित रह गए। दस्तावेजों में हेरफेर कर सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया गया।

बड़ौदा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 439/23 में पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और साजिश सहित विभिन्न धाराओं के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया था। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी अमिता सिंह तोमर को एक दिन पहले ही विजयपुर तहसीलदार पद से हटाया गया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें ग्वालियर स्थित उनके निवास से गिरफ्तार कर लिया। अब उन्हें श्योपुर लाकर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार आरोपी की जमानत याचिका पहले हाईकोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट से भी खारिज हो चुकी है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है और इसमें अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। आने वाले समय में और आरोपियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Share:

Leave a Comment