भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए शासकीय विद्यालयों की अवकाश तालिका जारी कर दी है। मंत्रालय वल्लभ भवन से जारी आदेश के अनुसार पूरे वर्ष में ग्रीष्मकालीन, दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश निर्धारित किए गए हैं। जारी आदेश के मुताबिक ग्रीष्मकालीन अवकाश विद्यार्थियों के लिए 1 मई 2026 से 15 जून 2026 तक रहेगा, जबकि शिक्षकों के लिए यह अवकाश 1 मई से 31 मई 2026 तक निर्धारित किया गया है। दशहरा अवकाश 19 अक्टूबर 2026 से 21 अक्टूबर 2026 तक रहेगा। दीपावली का अवकाश 6 नवंबर 2026 से 10 नवंबर 2026 तक घोषित किया गया है। वहीं शीतकालीन अवकाश 31 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक रहेगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों पर लागू होगा, जबकि ग्रीष्मकालीन अवकाश में शिक्षकों की अवधि अलग निर्धारित की गई है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी इस वार्षिक अवकाश तालिका से विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को पूरे वर्ष की छुट्टियों की पूर्व जानकारी मिल सकेगी, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों की बेहतर योजना बनाई जा सकेगी।