enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश गर्मी के बीच फिर बदलेगा मौसम, 3 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

गर्मी के बीच फिर बदलेगा मौसम, 3 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में मार्च महीने में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। तेज गर्मी के बीच अब प्रदेश में 27, 28 और 29 मार्च को आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई संभागों में अलर्ट जारी किया है।

मौसम केंद्र के अनुसार उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में इसका सबसे ज्यादा असर रहेगा। इन क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश और कहीं-कहीं आंधी चलने की संभावना है। इससे पहले भी मार्च में दो बार आंधी-बारिश का दौर आ चुका है, जिसमें 45 से अधिक जिलों में बारिश हुई और 17 जिलों में ओले गिरे थे। इससे गेहूं, पपीता और केले की फसलों को नुकसान पहुंचा था।

गुरुवार को प्रदेश में गर्मी का असर बना रह सकता है। खासकर उज्जैन, भोपाल, सागर और नर्मदापुरम संभाग में तापमान ज्यादा रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव आएगा।

बुधवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 38 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री दर्ज हुआ। रतलाम में 38.6, खंडवा में 38.5, खरगोन और रायसेन में 38 डिग्री तापमान रहा। वहीं उज्जैन में 36.5, जबलपुर में 36.1, इंदौर में 36, भोपाल में 35.8 और ग्वालियर में 35.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 मार्च की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर अप्रैल की शुरुआत तक देखने को मिल सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि बार-बार बदल रहे मौसम के कारण फसलों पर असर पड़ रहा है, इसलिए किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Share:

Leave a Comment