भोपाल (ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड पैटर्न परीक्षाओं का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। मंत्रालय वल्लभ भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने परिणाम जारी करते हुए बताया कि इस वर्ष दोनों कक्षाओं का परिणाम संतोषजनक रहा है और गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है। कक्षा 5वीं में 95.14 प्रतिशत और कक्षा 8वीं में 93.83 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस बार भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए छात्रों को पीछे छोड़ दिया। कक्षा 5वीं में 96.19 प्रतिशत छात्राएं और 94.15 प्रतिशत छात्र पास हुए, जबकि कक्षा 8वीं में 94.98 प्रतिशत छात्राएं और 92.74 प्रतिशत छात्र सफल रहे। संभाग स्तर पर कक्षा 5वीं में शहडोल संभाग ने पहला स्थान हासिल किया, वहीं जिलों में नरसिंहपुर अव्वल रहा। डिंडोरी, बालाघाट, झाबुआ और अलीराजपुर भी टॉप जिलों में शामिल रहे। कक्षा 8वीं में इंदौर संभाग ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि जिलों में नरसिंहपुर ने बाजी मारी। अलीराजपुर, डिंडोरी और झाबुआ ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रिजल्ट जारी होते ही राज्य शिक्षा केंद्र की वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक देखने को मिला। प्रति मिनट एक लाख से अधिक विद्यार्थियों ने अपना परिणाम देखा। इस बार तकनीकी व्यवस्था मजबूत होने के कारण विद्यार्थियों और अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि जो विद्यार्थी किसी विषय में असफल हुए हैं, उन्हें जल्द आयोजित होने वाली पूरक परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। छात्र केवल उसी विषय की परीक्षा दोबारा दे सकेंगे, जिसमें वे असफल हुए हैं। इस वर्ष प्रदेश के 1 लाख 10 हजार 699 शासकीय, निजी विद्यालयों और मदरसों के लगभग 23 लाख 68 हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से करीब 93 हजार विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों और 17 हजार से अधिक शहरी क्षेत्रों के थे। कक्षा 5वीं में लगभग 12.76 लाख और कक्षा 8वीं में 10.92 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए इस बार तकनीक का व्यापक उपयोग किया गया। प्रदेश में 12 हजार 943 परीक्षा केंद्र बनाए गए और 322 केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। शिक्षकों ने मोबाइल एप के माध्यम से ऑनस्पॉट अंक प्रविष्ट किए, जिससे परिणाम तेजी और सटीकता के साथ तैयार हो सका। सरकार का कहना है कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों का बेहतर प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि अब शिक्षा का स्तर पूरे प्रदेश में मजबूत हो रहा है। छात्र अपना रिजल्ट राज्य शिक्षा केंद्र की वेबसाइट rskmp.in, mpbse.mponline.gov.in, mpbse.nic.in और vimarsh.mp.gov.in पर समग्र आईडी या रोल नंबर के माध्यम से देख सकते हैं।