enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश रेत माफिया का आतंक: पुलिस वाहन में मारी टक्कर, सिपाही घायल

रेत माफिया का आतंक: पुलिस वाहन में मारी टक्कर, सिपाही घायल

अवैध रेत परिवहन रोकने गई टीम पर हमला, ट्रैक्टर चढ़ाकर फरार हुए आरोपी

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में रेत माफिया के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर माफिया ने हमला कर दिया। आरोपियों ने ट्रैक्टर से पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, घटना दिमनी थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस टीम अवैध रेत खनन और परिवहन पर कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय सीधे पुलिस की गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हमले में एक पुलिस सिपाही घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

लगातार बढ़ रही माफिया की दबंगई
चंबल क्षेत्र में रेत माफिया की सक्रियता पहले से ही चिंता का विषय बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद माफिया खुलेआम हमलावर रवैया अपना रहे हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और अवैध रेत खनन के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

Share:

Leave a Comment