सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले 10 अधिकारियों पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी ने सख्त कार्रवाई की है। इन 10 विभागों के अधिकारियों के मार्च 2026 के वेतन से दो दिवस की कटौती के आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार 2 मार्च एवं 6 मार्च 2026 को समीक्षा के बाद भी शिकायतों के निराकरण में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद 9 मार्च को संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई की जद में आए अधिकारियों में नवनीत राठिया (कार्यपालन यंत्री, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग), गंगाराम बघेल (उप संचालक, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग), सुमन द्विवेदी (सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग), त्र्यंबकेश द्विवेदी (कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग), प्रवेश मिश्रा (जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग), पवन कुमार सिंह (जिला शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग), जे.एस. उईके (सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग), श्याम बहादुर सिंह (कार्यपालन यंत्री, लोक निर्माण विभाग), डॉ वबीता खरे (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग) एवं डॉ एस.बी. खरे (सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला अस्पताल) शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।