उज्जैन(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार 17 मार्च को उज्जैन में आयोजित विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के 30वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार दोनों नेता शहर में आयोजित अन्य कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह मंगलवार सुबह 11 बजे माधव भवन प्रशासनिक परिसर स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति एवं राज्यपाल मंगुभाई पटेल करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दीक्षांत समारोह में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज और सांसद अनिल फिरोजिया भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के 103 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, 74 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि और एक विद्यार्थी को डी-लिट की उपाधि प्रदान की जाएगी। दीक्षांत समारोह के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन शहर को 700 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देंगे। दोपहर 1 बजे शिप्रा विहार वाणिज्यिक परिसर के सामने त्रिवेणी विहार योजना स्थल पर 77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गीता भवन का भूमि पूजन किया जाएगा। करीब एक लाख वर्ग फीट क्षेत्र में बनने वाले इस गीता भवन में सांस्कृतिक, साहित्यिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परिसर में 12,700 वर्ग फीट का ऑडिटोरियम और 3,600 वर्ग फीट में ई-लाइब्रेरी का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित नगर विकास योजनाओं और सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत लगभग 662.46 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया जाएगा।