enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश राजस्व अभिलेखों में हेरफेर का मामला: रिटायर्ड शिक्षक, सात बेटों और पटवारी पर एफआईआर

राजस्व अभिलेखों में हेरफेर का मामला: रिटायर्ड शिक्षक, सात बेटों और पटवारी पर एफआईआर

मऊगंज(ईन्यूज एमपी)- जिले में राजस्व अभिलेखों में हेरफेर और फर्जी कंप्यूटर खसरा प्रविष्टि के मामले में पुलिस ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक, उनके सात बेटों और तत्कालीन हल्का पटवारी सहित आठ लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर के आदेश के पालन में की गई है। मामला ग्राम उधौपुर्वा की भूमि से जुड़ा बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खसरा नंबर 331/2, 347/2, 347/4 और 358/2 में कथित तौर पर कूटरचित तरीके से नाम दर्ज कराए गए। इस संबंध में फरियादी ओम प्रकाश मिश्रा, राजस्व निरीक्षक मंडल मऊगंज ने अनुविभागीय दंडाधिकारी के हस्ताक्षरित पत्र के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
बताया गया कि यह कार्रवाई कलेक्टर मऊगंज के राजस्व प्रकरण क्रमांक 0006/पुनर्विलोकन/2025-26 के तहत 24 फरवरी 2026 को जारी आदेश के अनुपालन में की गई है।

साठगांठ कर रिकॉर्ड बदलने का आरोप
आरोपियों में ग्राम उधौपुर्वा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक मुन्दिका प्रसाद त्रिपाठी और उनके पुत्र संदीप, राजीव, प्रदीप, धनंजय, पंचदेव व अमरदीप त्रिपाठी शामिल हैं। इनके साथ तत्कालीन हल्का पटवारी हीरालाल कोल को भी नामजद किया गया है।
शिकायत के अनुसार तहसीलदार न्यायालय में फौती नामांतरण आवेदन खारिज होने के बावजूद आरोपियों ने कथित तौर पर आपसी साठगांठ कर राजस्व अभिलेखों में संशोधन करवा लिया।

आवेदन निरस्त होने के बाद भी दर्ज कराए नाम
तहसीलदार के 30 मई 2023 के आदेश में सरोजनी त्रिपाठी की मृत्यु प्रमाणित होने के बावजूद भूमि में सहखातेदारी दर्ज न होने और दस्तावेजों में विसंगतियां पाए जाने पर आवेदन निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद भी राजस्व अभिलेखों में कथित छेड़छाड़ कर नाम दर्ज करा दिए गए।
इस मामले में अनुविभागीय दंडाधिकारी मऊगंज ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह प्रकरण राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के एकीकृत जांच फार्म-4 के तहत दर्ज किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार शाम इस कार्रवाई की पुष्टि की है।

Share:

Leave a Comment