enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश आज लाड़ली बहनों के खाते में आएगी राशि

आज लाड़ली बहनों के खाते में आएगी राशि

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को ग्वालियर जिले के घाटीगांव में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान वे प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में एक क्लिक के माध्यम से 1836 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित करेंगे। यह राशि लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त के रूप में जारी की जा रही है।

ग्वालियर जिले की 3 लाख 2 हजार 850 महिलाओं के खातों में करीब 44 करोड़ 83 लाख रुपए की राशि डाली जाएगी। मुख्यमंत्री इस अवसर पर जिले में लगभग 122 करोड़ रुपए की लागत से तैयार और प्रस्तावित 54 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न स्व-रोजगार योजनाओं के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने की पहल भी की जाएगी।
लाड़ली बहना सम्मेलन में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सांसद भारत सिंह कुशवाह, विधायक मोहन सिंह राठौर तथा जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

देवनारायण और शबरी माता मंदिर में करेंगे पूजा
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 मार्च को दोपहर वायु मार्ग से राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमान टर्मिनल, महाराजपुरा पहुंचेंगे। वहां से वे हेलीकॉप्टर के माध्यम से घाटीगांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित देवनारायण मंदिर परिसर में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे देवनारायण मंदिर और शबरी माता मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुनः हेलीकॉप्टर से विमानतल पहुंचकर भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

122 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
लाड़ली बहना सम्मेलन के दौरान ग्वालियर जिले में लगभग 122 करोड़ रुपए की लागत के 54 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इनमें लगभग 62 करोड़ रुपए के 19 कार्यों का लोकार्पण और करीब 60 करोड़ रुपए के 35 कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
लोकार्पित होने वाले प्रमुख कार्यों में करीब 40 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुलैथ का भवन और 9.11 करोड़ रुपए की लागत से डाडा खिरक–तिघरा मार्ग पर सांक नदी पर बना उच्च स्तरीय पुल शामिल है। इसके अलावा उप स्वास्थ्य केंद्र बन्हेरी तथा

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की नव-निर्मित सड़कों का भी लोकार्पण किया जाएगा।
भूमिपूजन किए जाने वाले प्रमुख कार्यों में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल के समीप 6.17 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला 100 सीटर श्रमिक विश्राम गृह तथा 12.16 करोड़ रुपए की लागत से अंबेडकर धाम के द्वितीय चरण में बाबा साहब के जीवन पर आधारित संग्रहालय का निर्माण शामिल है। इसके अलावा आयुर्वेदिक महाविद्यालय में शरीर रचना विभाग के लिए हॉल और छात्रावास निर्माण तथा भितरवार में लगभग 4 करोड़ रुपए की लागत से नए खरीदारी परिसर का निर्माण भी प्रस्तावित है।

अब प्रतिमाह 1500 रुपए मिल रही सहायता
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित लाड़ली बहना योजना के तहत नवंबर माह से सहायता राशि में 250 रुपए की वृद्धि की गई है। अब पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए की आर्थिक सहायता मिल रही है।

जून 2023 में शुरू हुई इस योजना के अंतर्गत फरवरी 2026 तक 33 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। इस अवधि में महिलाओं के खातों में 54,140 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे अंतरित की जा चुकी है। प्रदेश सरकार अब योजना से जुड़ी महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता तक सीमित न रखते हुए उन्हें कौशल विकास, रोजगार और स्व-रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में भी कार्य कर रही है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

Share:

Leave a Comment