सागर (ईन्यूज एमपी)- जिले के केसली थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने अपनी चार मासूम बेटियों को कुएं में फेंकने के बाद खुद पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक मृतक महिला की पहचान सविता बाई (28) पत्नी चंद्रभान लोधी के रूप में हुई है। मृत बच्चियों में अंशिका (7), रक्षा (5), दीक्षा (3) और पांच महीने की मनीषा शामिल हैं। चारों बच्चियों के शव घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में बने लगभग 20 फीट गहरे कुएं से बरामद किए गए हैं। रात में सब सोए, सुबह मां और बेटियां गायब परिजनों के अनुसार बुधवार रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद अलग-अलग कमरों में सो गए थे। घर में सविता के ससुर और उसकी नाबालिग बहन भी मौजूद थे। सुबह उठने पर सविता और चारों बच्चियां घर में नहीं मिलीं। पहले परिजनों को लगा कि वे कहीं आसपास गई होंगी, लेकिन काफी देर तक कोई पता नहीं चला। इसके बाद गांव के लोगों को सूचना दी गई। तलाश के दौरान खेत के पास एक पेड़ पर सविता का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। इसके बाद बच्चियों की तलाश शुरू की गई और कुछ ही दूरी पर स्थित कुएं में चारों के शव मिले। खेत में बना था घर, आसपास नहीं थे पड़ोसी ग्रामीणों के मुताबिक परिवार मध्यमवर्गीय है। सविता की शादी करीब 9 साल पहले हुई थी। परिवार में चार बेटियां, सविता, उसके ससुर और उसकी छोटी बहन साथ रहते थे, जबकि उसके दो देवर गांव में अलग रहते हैं। चारों में से दो बच्चियां स्कूल भी जाती थीं। घर खेत में बना होने के कारण आसपास ज्यादा पड़ोसी भी नहीं रहते थे। मोबाइल जब्त, पुलिस कर रही जांच केसली थाना प्रभारी लोकेश पटेल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, हालांकि महिला का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। पति एक साल से घर नहीं आया पुलिस के मुताबिक महिला का पति चंद्रभान लोधी मजदूरी के लिए बाहर रहता है और करीब एक साल से घर नहीं आया था। वह जबलपुर में बस में हेल्पर का काम करता है और परिवार से बहुत कम संपर्क करता था। मानसिक तनाव में थी महिला प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पति से संपर्क न होने के कारण महिला मानसिक तनाव में थी। इसी वजह से उसने पहले अपनी चारों बेटियों को कुएं में फेंक दिया और बाद में खुद फांसी लगा ली। पुलिस पति-पत्नी के संबंधों और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है, जिसमें बेटा न होने के सामाजिक दबाव जैसे पहलुओं को भी शामिल किया गया है।