जबलपुर(ईन्यूज एमपी)-भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत सोमवार को भाजपा के संभागीय कार्यालय रानीताल में संभाग स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री, कई मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्पष्टता, संगठनात्मक कौशल और नेतृत्व क्षमता में सशक्त बनाना है। इस अभियान का आयोजन मंडल और जिला स्तर पर भी किया जा रहा है, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान वैचारिक सत्र, योग तथा संगठनात्मक विषयों पर चर्चा आयोजित की जाती है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार 9 मार्च को सुबह 11.45 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12.10 बजे रानीताल स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। कार्यक्रम में भाग लेने के बाद दोपहर 2.20 बजे वापस डुमना एयरपोर्ट पहुंचकर 2.30 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी प्रशिक्षण अभियान में भाग लेने के लिए सुबह 10.30 बजे रीवा से जबलपुर पहुंचेंगे। वे सुबह 11 बजे भाजपा संभागीय कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण महाअभियान के सत्र में वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे शाम 5 बजे सड़क मार्ग से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह भी सुबह 10 बजे नरसिंहपुर जिले के ग्राम लोलरी से जबलपुर पहुंचेंगे और रानीताल स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित संभागीय कार्यशाला में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5 बजे वे भोपाल के लिए रवाना होंगे। इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह भी प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगी। वे सोमवार सुबह 10 बजे रानीताल स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचेंगी और शाम 4.30 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगी। संभाग स्तरीय इस कार्यशाला में जबलपुर, रीवा, शहडोल और छिंदवाड़ा संभाग के 19 जिलों से लगभग 400 प्रशिक्षार्थी कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे पंजीयन के साथ शुरू होगा और दोपहर 12.30 बजे उद्घाटन सत्र आयोजित किया जाएगा। कार्यशाला को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, गुजरात प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित प्रदेश सरकार के मंत्री और वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। इसके बाद विभिन्न सत्रों में विषय विशेषज्ञ कार्यकर्ताओं को संगठन और विचारधारा से जुड़े मुद्दों पर प्रशिक्षण देंगे।