enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश आम आदमी पर महंगाई की मार, घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़े दाम

आम आदमी पर महंगाई की मार, घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़े दाम

जबलपुर(ईन्यूज एमपी)- देश में एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है, जबकि 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में करीब 115 रुपये तक इजाफा किया गया है। तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरें 7 मार्च से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी का असर मध्यप्रदेश समेत पूरे देश में देखने को मिल रहा है।

नई कीमतों के बाद कई शहरों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 920 से 1000 रुपये के करीब पहुंच गई है। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 2100 रुपये से अधिक हो गए हैं। इससे आम परिवारों के किचन बजट पर सीधा असर पड़ना तय माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े महानगरों की तुलना में मध्यप्रदेश के कई शहरों में गैस सिलेंडर की कीमत अधिक हो गई है। इससे प्रदेश के उपभोक्ताओं पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।

इससे पहले 1 मार्च 2026 को भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में करीब 31 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। अब घरेलू गैस सिलेंडर महंगा होने से आम उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव, खासकर ईरान और इजराइल के बीच टकराव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा संसाधनों की कीमतों में उतार-चढ़ाव हो रहा है। इसका असर भारत में गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर भी पड़ रहा है।

गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से आम लोगों की रसोई का बजट फिर बिगड़ गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मिडिल ईस्ट का तनाव और बढ़ता है तो आने वाले समय में ऊर्जा उत्पादों की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

Share:

Leave a Comment