enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश विंध्य की बेटियों ने रचा इतिहास, UPSC में शानदार सफलता से बढ़ाया प्रदेश का मान

विंध्य की बेटियों ने रचा इतिहास, UPSC में शानदार सफलता से बढ़ाया प्रदेश का मान

भोपाल (ईन्यूज एमपी)-संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के घोषित परिणामों में विंध्य क्षेत्र के कई होनहार युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। खास बात यह रही कि इस बार विंध्य की बेटियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

मऊगंज जिले की बेटी समीक्षा द्विवेदी ने देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 56 प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आईआईटी से शिक्षा प्राप्त समीक्षा का यह तीसरा प्रयास था। उनकी इस सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके पिता श्रीनिवास द्विवेदी प्रदूषण नियंत्रण विभाग में पदस्थ हैं, जबकि उनके पति सुमित मिश्रा केनरा बैंक में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।

सतना जिले के कृष्णानगर की निवासी भूमिका जैन ने भी 331वीं रैंक हासिल कर भारतीय राजस्व सेवा में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। एक सामान्य व्यवसायी परिवार से आने वाली भूमिका की सफलता ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों और मेहनत से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

उर्जाधानी सिंगरौली जिले के लिए भी यह गौरव का क्षण रहा। कचनी निवासी विष्णु शाह के पुत्र सुमित शाह ने भी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिले और पूरे विंध्य क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

वहीं सतना जिले के नागौद क्षेत्र के परसवारा निवासी नरेंद्र सिंह “मुन्नू” के पुत्र तथा राजभान सिंह के भांजे यशवर्धन सिंह ने 212वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

इसके अलावा अनूपपुर जिले के कोतमा नगर निवासी व्यवसायी राजेश जैन के पुत्र रोहन जैन ने 758वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

इन सभी प्रतिभाओं की सफलता से विंध्य क्षेत्र में गर्व और उत्साह का वातावरण है। लोगों ने कहा कि इन युवाओं की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक साबित होगी और यह दिखाती है कि मेहनत, लगन और धैर्य से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Share:

Leave a Comment