इंदौर(ईन्यूज एमपी)- होली के त्योहार के दौरान मध्य प्रदेश में सड़क हादसों और अन्य दुर्घटनाओं की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली। राज्य की 108 एंबुलेंस सेवा के अनुसार होली के दिन प्रदेश भर में 948 दुर्घटनाओं में घायलों को आपातकालीन सहायता प्रदान की गई। आंकड़ों के मुताबिक सागर जिले में सबसे अधिक 67 दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि विदिशा में 55 मामलों के साथ दूसरा स्थान रहा। इंदौर में 46 दुर्घटनाएं दर्ज हुईं और यह राज्य में तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा जबलपुर में 45, रीवा और सतना में 42-42 दुर्घटनाओं की जानकारी सामने आई। वहीं सीधी जिले में 18 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान तेज गति से वाहन चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग करने और रिश्तेदारों व मित्रों से मिलने के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ने के कारण सड़क हादसों में इजाफा होता है। पूरे दिन आपातकालीन प्रतिक्रिया दल अलग-अलग जिलों में सक्रिय रहकर लोगों को सहायता उपलब्ध कराते रहे। शराब पीकर वाहन चलाना भी बड़ी वजह अधिकारियों ने बताया कि कई मामलों में शराब पीकर वाहन चलाने के कारण भी लोग दुर्घटनाओं का शिकार हुए। इनमें से कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज अस्पतालों में जारी है। वहीं इंदौर में कुछ हादसों में लोगों की मौत होने की भी जानकारी सामने आई है। यातायात नियमों के पालन की अपील एमवाय अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव ने बताया कि होली के दिन दुर्घटनाओं की संख्या आम दिनों की तुलना में अधिक रहती है। इसे देखते हुए अस्पताल के आपातकालीन विभाग में विशेषज्ञों की टीम तैनात की गई थी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि त्योहारों के दौरान शराब के नशे में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।