अवैध रेत कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौत के बाद बढ़ा विवाद शहडोल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित बरना नदी में अवैध रेत उत्खनन की कार्रवाई के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। घटना के बाद छत्तीसगढ़ में मध्यप्रदेश पुलिस के जवानों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्शिला चौकी पुलिस पर आरोप है कि उसने छत्तीसगढ़ सीमा में खड़े रेत से भरे ट्रैक्टर को जब्त कर मध्यप्रदेश ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान 25 वर्षीय चालक सोनू चक्रवाह ने कथित रूप से विरोध किया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट की गई और हड़बड़ी में भागने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का फूटा गुस्सा हादसे के बाद नदी किनारे मौजूद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने पुलिस टीम का घेराव कर खदेड़ दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों को वाहन छोड़कर मौके से हटना पड़ा। ग्रामीणों ने ग्राम रक्षा समिति के सदस्य मधुर जैसवाल को पकड़कर छत्तीसगढ़ पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मनीष धुर्वे, थाना प्रभारी केल्हारी थाना ने उसे हिरासत में लेकर जांच प्रारंभ की। सीमा विवाद बना तनाव का कारण घटना बरना नदी के उस हिस्से में हुई जो दोनों राज्यों की सीमा से जुड़ा है। नदी का एक भाग शहडोल (मध्यप्रदेश) तो दूसरा हिस्सा छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में आता है। घटना के बाद जैतपुर क्षेत्र में भी तनाव की स्थिति बताई जा रही है। तीन पर हत्या सहित प्रकरण दर्ज छत्तीसगढ़ के केल्हारी थाने में दर्शिला चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक नितिन शुक्ला, आरक्षक राजू प्रजापति एवं ग्राम रक्षा समिति सदस्य मधु जैसवाल के विरुद्ध हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल दोनों राज्यों की पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आधिकारिक स्तर पर विस्तृत बयान की प्रतीक्षा है।