भोपाल(ईन्यूज एमपी)- प्रदेश में परिवहन विभाग की नई नीति और प्रस्तावित टैक्स वृद्धि के विरोध में 2 मार्च से प्रस्तावित बस हड़ताल फिलहाल टल गई है। शनिवार देर रात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बस ऑपरेटर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच हुई बैठक में सकारात्मक सहमति बनने के बाद यह फैसला लिया गया। सरकार ने विवाद की वजह बने दोनों हालिया नोटिफिकेशन को फिलहाल स्थगित (होल्ड) कर दिया है। इसके साथ ही रविवार से प्रदेशभर में बसों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में यात्रियों को सुरक्षित व सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टैक्स वृद्धि और नई परमिट व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावों पर पुनर्विचार कर बस ऑपरेटरों के सुझावों के साथ संशोधित प्रस्ताव तैयार किए जाएं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में जारी दो प्रस्तावों को लेकर बस ऑपरेटरों ने आपत्ति जताई थी। पहला प्रस्ताव यात्री बसों पर टैक्स दरों में वृद्धि से संबंधित था, जबकि दूसरा निजी परमिट व्यवस्था में बदलाव कर संचालन को एक सरकारी एजेंसी के माध्यम से कराने का था। ऑपरेटर्स ने इसे अव्यावहारिक बताते हुए हड़ताल की चेतावनी दी थी। मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के महामंत्री जयकुमार जैन ने बैठक के बाद बताया कि सरकार द्वारा नोटिफिकेशन होल्ड किए जाने के बाद 2 मार्च की प्रस्तावित हड़ताल समाप्त कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया है। हड़ताल टलने से प्रदेश के लाखों दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिली है।