बिलासपुर(ईन्यूज एमपी)- रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। कैसे हुआ हादसा? पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेलर (CG 11 BD 9044) सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया। स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। गैस कटर से निकाले गए शव घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में पांच लोग सवार थे, जो यादव ढाबा में आयोजित शादी की 25वीं सालगिरह के पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर यह दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेलर चालक गिरफ्तार सकरी पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मृतकों की पहचान * छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष), पिता बालाराम रात्रे, निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर * विशाल लहरें (25 वर्ष), पिता राजकुमार लहरें, निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली * अनमोल लहरें (14 वर्ष), पिता संजय लहरें, निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली * सोनू मिरी (28 वर्ष), निवासी कोटा घायल * प्रकाश रात्रे, पिता मंशाराम रात्रे, निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर – सिम्स अस्पताल में उपचार जारी