इंदौर(ईन्यूज एमपी)- शहर के रावजी बाजार क्षेत्र में गुरुवार रात अचानक गैस फैलने से अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 10 बजे राहगीरों और वाहन चालकों को आंखों में तेज जलन महसूस हुई। कुछ ही देर में कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ और लगातार खांसी की शिकायत होने लगी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। स्थिति गंभीर होते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सिलिंडर काटते समय निकली गैस प्राथमिक जानकारी के अनुसार, क्षेत्र की एक दुकान में शहजाद नामक कबाड़ी पुराना गैस सिलिंडर काट रहा था। इसी दौरान सिलिंडर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया, जो आसपास फैल गई। आशंका है कि सिलिंडर में अमोनिया गैस भरी हो सकती है, जिसका उपयोग जल शुद्धिकरण और औद्योगिक कार्यों में किया जाता है। बताया जा रहा है कि पुराने सिलिंडर के निचले हिस्से में गैस जमा थी, जो कटाई के दौरान बाहर निकल गई। पुलिस ने संभाला मोर्चा सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। गैस के प्रभाव को कम करने के लिए सिलिंडर पर फोम और पानी का छिड़काव किया गया। ठंडी हवा के कारण गैस वातावरण में जल्दी नहीं घुल पाई, जिससे आसपास मौजूद लोगों को अधिक परेशानी हुई। कुछ लोग एहतियात के तौर पर अस्पताल भी पहुंचे, हालांकि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। फिलहाल पुलिस कबाड़ी से पूछताछ कर रही है कि सिलिंडर कहां से लाया गया था और उसमें किस प्रकार की गैस भरी थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।