रायगढ़(ईन्यूज एमपी)- Raigarh जिले में बुधवार रात सगाई समारोह से लौट रही तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में दो बुजुर्गों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। घटना Kapu थाना क्षेत्र के मड़वाताल-जमरगा मार्ग की है। जानकारी के अनुसार, Bangursuta गांव के राठिया समाज के करीब 25-30 लोग पिकअप वाहन से Gosaipodi गांव में सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दिनभर कार्यक्रम में शामिल रहने के बाद सभी लोग शाम करीब 7 बजे वापस लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे मड़वाताल-जमरगा मार्ग पर पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह ब्रेक फेल होना बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान बंगुरसुता निवासी कालाराम राठिया (60) और छतरसिंह राठिया (60) की मौत हो गई। अन्य घायलों में नीरज राठिया, देवेंद्र, बालसिंह, रामकुमार, गाढ़ाराम राठिया, विपल राम राठिया, राशीराम राठिया, सुमेंद्र राठिया, विजय राठिया सहित करीब 20 लोग शामिल हैं। कई घायलों के हाथ-पैर टूट गए हैं, जबकि कुछ के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को पहले धर्मजयगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से 8 से 10 गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ जिला अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें शव परीक्षण के लिए सुरक्षित गृह में रखवाया है। परीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि चालक की तलाश जारी है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।