enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश थाना के सामने सराफा दुकान में बड़ी चोरी,सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

थाना के सामने सराफा दुकान में बड़ी चोरी,सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में बीती रात एक बड़ी चोरी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। खास बात यह है कि जिस सराफा दुकान को निशाना बनाया गया, वह थाना परिसर के ठीक सामने स्थित है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, सेठ रामकृपाल विमल कुमार सर्राफ (शुद्ध सोने एवं चांदी के आभूषणों के निर्माता एवं विक्रेता) की दुकान में अज्ञात चोरों ने देर रात धावा बोल दिया। चोरों ने सुनियोजित तरीके से दुकान में प्रवेश कर कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की सटीक राशि का आकलन किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी। बरगवां थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है। कुछ दिन पूर्व चितरंगी ब्लॉक के कर्थुआ क्षेत्र में भी चोरी की घटना सामने आई थी। इसके अलावा देवसर ब्लॉक में भी इसी तरह की वारदात हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में चिंता का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, स्थानीय व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।

Share:

Leave a Comment