enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश बजट सत्र की हंगामेदार शुरुआत: राज्यपाल के अभिभाषण पर विपक्ष का विरोध

बजट सत्र की हंगामेदार शुरुआत: राज्यपाल के अभिभाषण पर विपक्ष का विरोध

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत सोमवार को हंगामेदार रही। सत्र के पहले दिन राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने संयुक्त सदन को संबोधित किया, लेकिन अभिभाषण के दौरान विपक्ष ने तीखा विरोध दर्ज कराया।

कार्यवाही की शुरुआत परंपरा अनुसार छह छंदों में ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में सरकार की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और संकल्प पत्र 2023 के वादों पर हुई प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘अमृत काल’ विजन का जिक्र करते हुए वर्ष 2047 तक मध्यप्रदेश को 2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य दोहराया।

अभिभाषण के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने नल-जल योजना और इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का मुद्दा उठाया। विपक्ष ने आरोप लगाया कि इन गंभीर विषयों का अभिभाषण में उल्लेख नहीं किया गया, जिसके विरोध में नारेबाजी की गई।

हंगामे के बीच भी राज्यपाल ने अपना अभिभाषण पूरा किया। उनके प्रस्थान के बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने शेष अभिभाषण को पढ़ा हुआ मानने की घोषणा की।

इसके बाद सदन की कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई। बजट सत्र 6 मार्च तक संचालित होगा।

Share:

Leave a Comment