भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात 2 बजे के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 11 आईएएस और 4 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के तबादले किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में कई महत्वपूर्ण विभागों में बदलाव किए गए हैं। अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव को स्थानांतरित कर अन्य पदस्थापना दी गई है। मनीष सिंह को एक बार फिर जनसंपर्क विभाग की कमान दी गई है। वे परिवहन सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। जनसंपर्क आयुक्त रहे दीपक सक्सेना को आबकारी आयुक्त बनाया गया है। सक्सेना करीब चार महीने तक जनसंपर्क आयुक्त रहे। वहीं दो वर्ष से आबकारी आयुक्त रहे अभिजीत अग्रवाल को प्रबंध संचालक राज्य सहकारी विपणन संघ बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि नई आबकारी नीति लागू होने से ठीक पहले यह बदलाव किया गया है। 2009 बैच के आईएएस अजय गुप्ता को संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास से हटाकर पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर का प्रबंध संचालक बनाया गया है। 2011 बैच के उमाशंकर भार्गव की राजभवन से आठ महीने बाद वापसी हुई है और उन्हें किसान कल्याण एवं कृषि विकास का संचालक बनाया गया है। भिंड जिला पंचायत के सीईओ सुनील दुबे को राज्यपाल का उप सचिव बनाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग की उप सचिव संघमित्रा गौतम को जिला पंचायत आलीराजपुर का सीईओ पदस्थ किया गया है। आगर मालवा जिला पंचायत की सीईओ नंदा भलावे कुशरे को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में अपर परियोजना संचालक बनाया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव कमल सोलंकी को राससेन जिला पंचायत का सीईओ नियुक्त किया गया है। तीन अपर कलेक्टर बने जिला पंचायत सीईओ देर रात जारी सूची में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। भुरला सिंह सोलंकी को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आगर मालवा, मिलिंद कुमार नागदेवे को जिला पंचायत खरगोन, वीर सिंह चौहान को जिला पंचायत भिंड तथा राकेश शर्मा को मुख्य महाप्रबंधक मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में पदस्थ किया गया है। इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक कसावट और विभागीय कार्यों में गति लाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।