भोपाल(ईन्यूज एमपी)-प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर, संभागीय आयुक्त और नगर निगम आयुक्त आज राजधानी भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन में शामिल होंगे। यह प्रशिक्षण आगामी जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत 1 मई से शुरू होने वाली डिजिटल मकान गणना को लेकर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया की मौजूदगी रहेगी, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन होने वाली जनगणना प्रक्रिया के तहत प्रदेश के गृह विभाग के सचिव एवं राज्य नोडल अधिकारी (जनगणना) अभिषेक सिंह ने सभी अधिकारियों को पत्र लिखकर प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं। 13 फरवरी को आयोजित इस प्रशिक्षण में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की विस्तृत रूपरेखा समझाई जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों को जनगणना 2027 की निर्धारित समय-सीमा और चरणबद्ध प्रक्रिया, मकान गणना की प्रश्नावली, डिजिटल टूल्स और मोबाइल एप्स का उपयोग, सीएमएमएस और एचएलबीसी जैसे मॉनिटरिंग सिस्टम की कार्यप्रणाली, फील्ड गतिविधियों की चुनौतियां, अधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया, प्रशिक्षण व्यवस्था, फंड वितरण और उपयोगिता प्रमाण पत्र से संबंधित जानकारी दी जाएगी। जनगणना 2027 का पहला चरण मकान गणना के रूप में 1 मई से शुरू होगा। इस चरण में राज्यभर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मकानों का डिजिटल सर्वे किया जाएगा। राज्य शासन की समन्वय समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव जयेंद्र कुमार विजयवत को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे दोनों चरणों में शासन स्तर से होने वाले कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में 30 सितंबर के बाद से जनगणना निदेशक का पद रिक्त है। पूर्व निदेशक भावना वालिम्बे के सेवानिवृत्त होने के बाद अब तक इस पद पर नियुक्ति नहीं हो सकी है। बावजूद इसके, केंद्र सरकार ने मकान गणना की तिथि, प्रश्नावली और प्रशिक्षण कार्यक्रम घोषित कर तैयारियां तेज कर दी हैं।