सीधी(ईन्यूज़ एमपी): मध्यप्रदेश शासन के निर्देश पर सीधी जिले में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिला चिकित्सालय सीधी में पदस्थ सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. सरकार बहादुर खरे का तबादला कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार डॉ. खरे को वरिष्ठ संयुक्त संचालक / क्षेत्रीय संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय, रीवा संभाग में पदस्थ किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सीधी स्वरोचिष सोमवंशी द्वारा आज आधिकारिक आदेश जारी किया गया। यह कार्रवाई लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, मंत्रालय भोपाल के आदेश क्रमांक 183/PHME/2025, दिनांक 02 फरवरी 2026 के अनुपालन में की गई है। आदेश के तहत डॉ. खरे को 07 फरवरी 2026 की अपरान्ह में नई पदस्थापना हेतु कार्यमुक्त कर दिया गया है। डॉ. खरे के तबादले के बाद अब सीधी जिला अस्पताल के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है। उपमुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव, आयुक्त, क्षेत्रीय संचालक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित कुल 12 विभागों को इस बात की सूचना से कलेक्टर ने अवगत कराया है जिससे स्पष्ट है कि यह तबादला उच्च स्तर पर लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय है। डॉ. खरे के तबादले से सीधी जिले के स्वास्थ्य महकमे में हलचल है। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि जिला अस्पताल की कमान कब और किसे सौंपी जाती है।