enewsmp.com
Home सीधी दर्पण लोकायुक्त रीवा की सीधी में छापेमार कार्यवाई, 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ अधिकारी गिरफ्तार

लोकायुक्त रीवा की सीधी में छापेमार कार्यवाई, 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ अधिकारी गिरफ्तार

सीधी (ईन्यूज़ एमपी): सीधी जिले के सिहावल विकासखंड में पदस्थ खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) स्वतंत्र पटेल को लोकायुक्त रीवा की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त ने यह कार्रवाई 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय की, जिससे स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है।

मामले की जानकारी के अनुसार फरियादी अंकित शुक्ला ने लोकायुक्त रीवा कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि BMO स्वतंत्र पटेल द्वारा मेडिकल संबंधी कार्य करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। फरियादी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए लोकायुक्त रीवा ने प्राथमिक जांच की, जिसमें शिकायत सही पाए जाने के बाद ट्रैप की कार्यवाही की योजना बनाई गई।

निर्धारित योजना के अनुसार लोकायुक्त रीवा की टीम ने सिहावल स्थित एक निजी क्लीनिक में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी BMO स्वतंत्र पटेल ने फरियादी से 5 हजार रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार की, लोकायुक्त टीम ने मौके पर ही उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। लोकायुक्त द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। लोकायुक्त की इस कार्यवाही को सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

Share:

Leave a Comment