कुसमी (ईन्यूज एमपी)-सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां खुले कुएं में गिरने से 5 वर्षीय मासूम बालक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में एक परिवार का इकलौता चिराग हमेशा के लिए बुझ गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कोड़ार के दीवार्थ नौडिया निवासी 5 वर्षीय दिनेश सिंह, पिता कलेश्वर सिंह, शुक्रवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक पास ही स्थित खुले कुएं में गिर गया। काफी देर तक जब बच्चा नजर नहीं आया तो उसकी मां शेमकली देवी और दादा इंद्रभान सिंह (इंपाल सिंह) ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान कुएं की ओर पैरों के निशान दिखाई दिए, जिससे अनहोनी की आशंका गहराई। तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी गई और मौके पर हल्ला-गुहार मच गई। ग्रामीणों की मदद से करीब तीन मोटर पंप लगाकर कुएं का पानी कम किया गया। इसके बाद कुएं में उतरकर देखा गया, जहां मासूम का शव पानी में मिला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही कुसमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। मामले की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि दिनेश सिंह परिवार का इकलौता बेटा था, जो काफी मन्नतों के बाद परिवार को मिला था। हादसे के समय बालक की मां घर में खाना बना रही थी, पिता कलेश्वर सिंह जंगल में गाय चराने गए हुए थे, जबकि दादा लंबे समय से बीमार बताए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।