enewsmp.com
Home सीधी दर्पण कुसमी में ओवरलोडिंग पर प्रशासन की सख्ती, एसडीएम के नेतृत्व में गोतरा से 2 हाईवा जब्त

कुसमी में ओवरलोडिंग पर प्रशासन की सख्ती, एसडीएम के नेतृत्व में गोतरा से 2 हाईवा जब्त

कुसमी (ईन्यूज एमपी)-तहसील कुसमी अंतर्गत ग्राम गोतरा में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो ओवरलोड हाईवा ट्रकों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कुसमी एसडीएम विकास कुमार आनंद के निर्देशन में की गई। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार नारायण सिंह, हल्का पटवारी, चौकीदार सहित राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।

जानकारी के अनुसार जांच के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर परिवहन कर रहे दो हाईवा ट्रक पकड़े गए। जब्त किए गए वाहनों के पंजीयन क्रमांक MP17 ZG 9208 एवं MP17 ZE 2737 हैं। दोनों वाहनों को तत्काल प्रभाव से जब्त कर टिकरी चौकी (थाना मड़वास) में खड़ा कराया गया है, जहां नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ओवरलोडिंग के विरुद्ध यह अभियान चलाया गया। ओवरलोड वाहनों से ग्रामीण सड़कों को भारी नुकसान हो रहा है, साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

एसडीएम कुसमी विकास कुमार आनंद ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार अवैध एवं ओवरलोड परिवहन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल दोनों हाईवा टिकरी चौकी में खड़े हैं। दस्तावेजों की जांच और प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Share:

Leave a Comment