enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:डेवा गांव में टाइगर का आतंक, घर के पास बंधे बैल पर हमला, ग्रामीणों में दहशत

सीधी:डेवा गांव में टाइगर का आतंक, घर के पास बंधे बैल पर हमला, ग्रामीणों में दहशत

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के आदिवासी अंचल कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डेवा में गुरुवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक टाइगर ने घर के पास बंधे बैल पर अचानक हमला कर दिया। यह घटना डेवा निवासी नंदलाल यादव के घर के समीप रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। टाइगर के हमले में बैल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे गांव में भय और चिंता का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नंदलाल यादव का बैल रोज की तरह घर के पास बंधा हुआ था। इसी दौरान जंगल की ओर से आए टाइगर ने अंधेरे का फायदा उठाकर बैल पर झपट्टा मार दिया। बैल की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिसके बाद टाइगर जंगल की ओर भाग गया। हालांकि तब तक बैल को गंभीर चोटें लग चुकी थीं।

घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायल बैल का प्राथमिक उपचार कराया गया है। वहीं क्षेत्र में टाइगर की गतिविधियों को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।

घर के बेहद नजदीक इस तरह की घटना होने से डेवा सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी क्षेत्र में जंगली जानवरों की हलचल देखी गई थी, लेकिन आबादी के बीच इस तरह का हमला पहली बार हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से टाइगर की लगातार निगरानी और गांव की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह क्षेत्र जंगल से सटा हुआ है, जिससे वन्यजीवों की आवाजाही स्वाभाविक है। विभाग द्वारा कैमरा ट्रैप लगाने और गश्त बढ़ाने की तैयारी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल ग्रामीणों से सतर्क रहने और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है।

Share:

Leave a Comment