सीधी(ईन्यूज एमपी)-कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, वनमण्डलाधिकारी प्रीति अहिरवार, जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, सभी तहसीलदार, वनपरिक्षेत्राधिकारी सोन घड़ियाल, प्रभारी खनि निरीक्षक सीधी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्री सोमवंशी ने खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आदतन खनिज माफियाओं के खिलाफ जिला बदर एवं राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश सभी एसडीएम को दिए गए। अवैध गतिविधियों में संलिप्त वाहनों के पंजीयन निरस्त करने के लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को भी निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने सिंगरौली, शहडोल एवं छत्तीसगढ़ से होने वाले अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा वस्तुस्थिति से संभागायुक्त को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने टास्क फोर्स को सात दिवसीय विशेष अभियान चलाकर अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सघन कार्रवाई करने तथा सात दिन बाद आयोजित होने वाली समीक्षा बैठक में की गई कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत में प्रभारी अधिकारी खनि शाखा कपिलमुनि शुक्ला ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित दर्ज 152 प्रकरणों की जानकारी दी। साथ ही पूर्व वर्षों की तुलना, चिन्हित अवैध उत्खनन स्थलों एवं परिवहन मार्गों की अद्यतन स्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया गया।